संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा-राजिम। नवापारा शहर आज ऐतिहासिक उत्साह और विकास की गवाही बना, जब रायपुर रोड स्थित अटल परिसर में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थल, तहसील कार्यालय भवन एवं बस स्टैंड में बने व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण डिप्टी सीएम एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा राजस्व व आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
शानदार स्वागत से अभिभूत डिप्टी सीएम अरुण साव ने घोषणा करते हुए कहा कि –
“नवापारा शहर के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी। नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने जितनी राशि की मांग होगी, सरकार तुरंत उपलब्ध कराएगी।”उन्होंने बताया कि आज 4 करोड़ 63 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, साथ ही आगे के कार्यों हेतु 2 करोड़ रुपये की अतिरिक्त घोषणा भी की गई।
भाजपा सरकार डेढ़ साल में कई गुना आगे
डिप्टी सीएम साव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा –
“पिछली सरकार के 5 साल में जितना काम नहीं हुआ, उससे कई गुना अधिक भाजपा सरकार ने मात्र डेढ़ साल में कर दिखाया है। नवापारा में ही 23 करोड़ रुपये के विकास कार्य हमारी सरकार बनने के बाद पूरे हुए हैं।”उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर वादे और गारंटी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार धरातल पर उतार रही है। किसानों से लेकर माताओं तक, हर वर्ग के जीवन में खुशहाली आई है।
- 12 दिन में 12 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपये बोनस
- 18 लाख प्रधानमंत्री आवास डेढ़ साल में पूरे
- 70 लाख माताओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर माह 1000 रुपये, अब तक 18 किस्तें जारी
“अटल संकल्प का परिणाम है छत्तीसगढ़”
श्री साव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने बिना खून की एक बूंद गिरे छत्तीसगढ़ राज्य बनाया, जबकि देश में कई अन्य राज्यों में हिंसा के बाद गठन हुआ। यही कारण है कि प्रदेश 25 वर्षों में विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचा है।
प्रदेश निरंतर विकास पथ पर : टंकराम वर्मा
समारोह की अध्यक्षता करते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मोदी जी की गारंटी और विष्णुदेव साय सरकार की प्रतिबद्धता ने प्रदेश की दशा-दिशा बदल दी है। उन्होंने बताया कि अब रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण स्वतः हो रहा है, जिससे जनता को परेशानी से मुक्ति मिली है। लोक सीमा गारंटी कार्यक्रम से निश्चित समय में जनता को सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में विधायक इंद्रकुमार साहू ने विश्वास दिलाया कि नवापारा के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मंच पर पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक बजाज, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग, अंजय शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू, मंडल अध्यक्ष, पूर्व पार्षद, कार्यकर्ता एवं नगरवासी मौजूद रहे। संचालन मनोज सेन ने किया।









