@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से पेड़ों के कटाई की घटना सुर्खियों में आई है। जहां पेड़ों की कटाई को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया जा रहा है। विरोध में शामिल लगभग 50 से ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला तमनार ब्लॉक के मुड़ा गांव का है। जहां एक कंपनी कोल ब्लॉक के लिए उत्खनन कर रही है। विरोध में शामिल होने वाले पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया और लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार को भी गिरफ्तार किया गया है।
लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के मुड़ागांव और आसपास के जंगलों के पेड़ कटाई के विरोध में ग्रामीणों का समर्थन करने पहुंची लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार एवं पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि एक उद्योगपति को इलाके में कोयला खदान आबंटित हुई है। बीते कई दिनों से खदान के नाम हजारों पेड़ों की कटाई की जा रही है, जिसका ग्रामीण विरोध कर रहे।
क्षेत्र में जंगल की कटाई का विरोध एक दर्जन से भी अधिक गांव के लोग बीते एक महीने से कर रहे हैं। आज सुबह ग्रामीणों के समर्थन में लैलूंगा कांग्रेस विधायक विद्यावती सिदार एवं पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया भी पहुंचे थे, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गांव के लोगों ने विधायक एवं पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी का विरोध किया है।
तमनार क्षेत्र के मुडागांव में एक उद्योग समूह की एक परियोजना के लिए जंगल की कटाई शुरू की गई है। इस कार्य के लिए सैकड़ों पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में घने जंगल और जैव-विविधता से भरपूर वन क्षेत्र हैं, जो न केवल पर्यावरणीय संतुलन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि स्थानीय आदिवासी समुदायों की आजीविका का भी आधार है।
1500 से अधिक पेड़ काटेंगे…
गौरतलब है कि, इस पूरे मामले में उत्खनन के लिए कंपनी 1500 से अधिक पेड़ काट रही है। जिसका 50 से अधिक ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू किया। घटनास्थल पर पुलिस बल फॉरेस्ट और जिला प्रशासन तैनात है।