संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नगर के राजिम-रायपुर मार्ग स्थित नसिया जी परिषद प्रांगण में श्री दिगंबर जैन समाज द्वारा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसे समाज के रत्न प्रतिमाधारी श्री राजकुमार जी एवं श्रीमती प्रतिभा जी जैन, वरिष्ठ सदस्य सुधीर जी–संध्या जी सिंघई तथा संजय पाटनी जी ने संयुक्त रूप से संपन्न किया। इस अवसर पर समाज के संरक्षक रमेश पहाड़िया, अध्यक्ष अखिलेश जैन, उपाध्यक्ष अनिल जैन, सचिव आशीष चौधरी (गोलू), सह सचिव आकाश गंगवाल, कोषाध्यक्ष आशीष जैन, सांस्कृतिक सचिव रवि जैन, सांस्कृतिक सह सचिव अंकित जैन, पंडित ऋषभचंद्र शास्त्री, नसिया जी प्रभारी सुनील जैन, संदीप चौधरी, सौरभ जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।
अपने उद्बोधन में राजकुमार जैन ने स्वतंत्रता दिवस की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए समाज को पुरानी स्मृतियों से जोड़ा। वहीं प्रतिमाधारी प्रतिभा जैन ने आयुर्वेद और स्वदेशी जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया तथा बच्चों को विदेश न भेजकर अपने संस्कारों से जोड़े रखने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर समाज के सचिव आशीष चौधरी (गोलू) ने जानकारी दी कि श्री शांतिनाथ जिनालय के मुख्य द्वार पर 100 वर्ष पूर्व से ही भारत माता की मूर्ति तिरंगा ध्वज लिए स्थापित है। उन्होंने बताया कि आगामी 27 नवंबर 2025 को जिनालय का शताब्दी वर्ष पूर्ण होने जा रहा है। इसके उपलक्ष्य में प्रतिदिन मंदिर में एक घंटे का जाप जारी है और शताब्दी वर्ष को समाज बड़े ही धूमधाम से मनाने की तैयारी कर रहा है।
साथ ही, 19 से 25 जनवरी 2026 तक बाजू में निर्मित हो रहे नवीन जिनालय में पंचकल्याणक महोत्सव एवं प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा। इस पावन अवसर पर पट्टाचार्य आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज का सानिध्य मिलने का सौभाग्य पूरे समाज और क्षेत्रवासियों को प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के अंत में नसिया जी प्रभारी सुनील जैन ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।








