वार्ड क्रमांक 4 भाटापारा अखरा में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों सहित वरिष्ठजनों एवं मातृशक्ति का हुआ सम्मान
पाटन । वार्ड क्रमांक 4 भाटापारा अखरा स्थित कला मंच में युवा दुर्गा उत्सव समिति द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद श्रीमती नेहा बाबा वर्मा रहीं तथा अध्यक्षता पूर्व पार्षद श्रीमती चंद्रकला यादव ने की।
समिति के संरक्षक एवं भाजपा नेता बाबा वर्मा ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज को नई दिशा देता है। युवा दुर्गा उत्सव समिति द्वारा धार्मिक आयोजन के साथ मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की पहल सराहनीय है। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत कर बेहतर परिणाम हासिल करने की प्रेरणा मिलती है।
बाबा वर्मा ने कहा कि वार्ड क्रमांक 4 भाटापारा अखरा में पिछले 15 वर्षों से नवरात्र पर्व पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने की परंपरा निरंतर जारी है। यह वार्डवासियों की आस्था, एकजुटता और सामूहिक सहयोग का प्रतीक है। समिति के युवा साथी अपना बहुमूल्य समय देकर पंडाल की सजावट, व्यवस्था और आयोजन की तैयारियों में योगदान देते हैं। जनसहयोग से चंदा एकत्रित कर इस परंपरा को आगे बढ़ाना उनके समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन वार्ड में सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
अपने उद्बोधन में बाबा वर्मा ने वार्ड के प्रतिभाशाली युवा डॉ. राजा साहू की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेश से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर उन्होंने डॉक्टर के रूप में पहचान बनाई और वार्ड का मान-सम्मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर डॉ. राजा साहू के पिता डॉ. ओम प्रकाश साहू एवं उनकी माता का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में मां दुर्गा की प्रतिमा उपलब्ध कराने में सहयोग देने वाले वरिष्ठजन श्री अरुण वर्मा, श्री भगवती आडील, श्री रोहित वर्मा एवं श्री आदित्य वर्मा का सम्मान किया गया। वहीं, दुर्गा पंडाल में निरंतर सेवा देने वाली श्रीमती केसर यादव एवं श्रीमती शांति विश्वकर्मा तथा माता रानी की सेवा में पुजारी के रूप में योगदान देने वाले श्री शेखर वर्मा एवं श्री नरोत्तम यादव को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में युवा दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष शुभम राजा सपहा सहित अमित बेलगहे, बेटू चक्रधारी, छोटू यादव, दिलीप यादव, सोनू यादव, लाला चक्रधारी, बंटी वैष्णव, पोषण गोपाल कौशिक, श्रीमती नेहा चक्रधारी, श्रीमती मालती चक्रधारी, श्रीमती सावित्री वर्मा, श्रीमती कमला वर्मा, श्रीमती किरण वर्मा, अनुज यादव एवं कमल नारायण देवांगन सहित समिति के सदस्य, युवा साथी, वार्ड के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के साथ धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने वाले सहयोगियों और सेवाभावी लोगों के योगदान को सम्मान दिया गया। बाबा वर्मा ने समिति के युवा साथियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे सामाजिक एवं रचनात्मक आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।








