@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने राजभाषा के संवर्धन और शासकीय कामकाज में हिंदी के प्रभावी उपयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रभात मिश्रा को छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में संस्कृति विभाग द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, राज्य शासन ने अपने निहित अधिकारों का प्रयोग करते हुए प्रभात मिश्रा को उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। शासन के इस निर्णय को प्रशासनिक कामकाज में राजभाषा के उपयोग को गति देने और भाषा आधारित नीतियों को प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
प्रभात मिश्रा रायपुर जिले के टिकरापारा स्थित नंदी चौक क्षेत्र के निवासी हैं और प्रशासनिक तथा सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता तथा संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए शासन ने उन्हें यह दायित्व सौंपा है।
उनकी नियुक्ति की खबर सामने आते ही साहित्यिक और बौद्धिक जगत में उत्साह का माहौल देखा गया। साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में राजभाषा आयोग नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा और हिंदी सहित छत्तीसगढ़ की भाषाई विरासत के संरक्षण व संवर्धन को नई दिशा मिलेगी।
राजभाषा के क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि आयोग सक्रियता से कार्य करता है तो सरकारी दफ्तरों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है तथा आमजन और प्रशासन के बीच भाषा की दूरी कम होगी।








